नागपुर, महाराष्ट्र- कार की लालच में बने हत्यारे
नागपुर, महाराष्ट्र- कार की लालच में बने हत्यारे

महाराष्ट्र के नागपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां इंजीनियरिंग के तीन छात्रों ने कार और मोबाइल फोन के लालच में एक व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज केस का खुलासा पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर कर दिया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कैसे रची गई खौफनाक साजिश?
मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुचित भोजापुरकर के रूप में हुई है, जो स्पेयर पार्ट्स का कारोबार करता था। घटना वाले दिन मृतक नशे की हालत में वर्धमान नगर पुल के पास खड़ा था, तभी तीनों आरोपी छात्रों की नजर पड़ी। पहले तो आरोपियों ने मदद का नाटक किया और मृतक को घर छोड़ने के बहाने कार में बैठ गए। जिसके बाद तीनों आरोपी सुचित को भिवापुर की ओर ले गए और फिर वापस वाडी इलाके में लेकर आ गए।
आरोपियों ने शुरुआत में व्यापारी की पत्नी को कॉल कर भरोसा दिलाया कि वो सुचित को सुरक्षित घर पहुंचा देंगे, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने कॉल काट दिया और अपनी साजिश को अंजाम देने का फैसला किया।
सुनसान जगह ले जाकर की निर्मम हत्या
तीनों आरोपी व्यापारी को खड़गांव रोड स्थित श्मशान घाट के पास ले गए, जहां उन्होंने पत्थर से उसके सिर पर कई बार वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए उन्होंने कपड़े उतारकर फेंक दिए और शव को झाड़ियों में डाल दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने व्यापारी की कार और मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए। अगले दिन एक स्थानीय व्यक्ति ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले का खुलासा शुरू हुआ।
12 घंटे में पुलिस ने जुल़झाया केस
क्राइम ब्रांच ने तेजी से जांच करते हुए जाल बिछाया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। क्राइम ब्रांच यूनिट 1 के पुलिस इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर भेदोडकर ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि- यह पूरी वारदात लालच का नतीजा थी। चौंकाने वाली बात यह है कि तीनों आरोपी इंजीनियरिंग के छात्र हैं और फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी पार्ट-टाइम ज़ोमैटो डिलीवरी बॉय के रूप में भी काम करता था और अकेले रहता था।





