नई दिल्ली।- सावधान..कहीं आप नकली टूथपेस्ट तो नहीं खरीद लाये!
गंदगी में तैयार हो रहा था ‘ब्रांडेड’ टूथपेस्ट

राजधानी दिल्ली में ब्रांडेड प्रोडक्ट्स के नाम पर चल रहे फर्जीवाड़े का एक बड़ा मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच ने कंझावला इलाके में छापेमारी कर एक ऐसे सिंडिकेट का खुलासा किया है, जो नामी ब्रांड ‘सेंसोडाइन’ के नाम पर नकली टूथपेस्ट तैयार कर बाजार में उतार रहा था। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बड़े पैमाने पर नकली सामान और मशीनरी जब्त की गई है।
गंदगी में तैयार हो रहा था ‘ब्रांडेड’ टूथपेस्ट
बता दें जांच में सामने आया कि महावीर विहार स्थित एक गोदाम में बेहद अस्वच्छ माहौल में लोकल और घटिया क्वालिटी के पेस्ट को ब्रांडेड पैकेजिंग में बदला जा रहा था। बिना किसी सेफ्टी स्टैंडर्ड के तैयार यह टूथपेस्ट सीधे लोगों की सेहत के साथ बड़ा जोखिम पैदा कर रहा था।
छापेमारी में मिला नकली प्रोडक्शन सेटअप
जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम को मौके से हजारों भरे हुए नकली टूथपेस्ट, 10 हजार से ज्यादा खाली ट्यूब, पैकिंग बॉक्स, कैप, रैपर, गोंद और टूथपेस्ट भरने व सील करने वाली मशीनें मिलीं। इसके अलावा करीब 130 किलो तैयार नकली पेस्ट ड्रम में रखा हुआ मिला, जिसे पैक कर बाजार में सप्लाई किया जाना था।
ऐसे चलता था पूरा फर्जी नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले सस्ते और घटिया पेस्ट को खाली ट्यूब में भरता था, फिर मशीन की मदद से उसे सील कर ब्रांडेड ‘सेंसोडाइन’ के डिब्बों में पैक कर देता था। इसके बाद यह नकली प्रोडक्ट असली बताकर बाजार में सप्लाई किया जाता था। इस पूरे ऑपरेशन के लिए मजदूरों की भी मदद ली जा रही थी।
वहीं मामले में फैक्ट्री संचालक हरिओम मिश्रा (58) को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती पूछताछ में उसने कबूल किया है कि वह किराए के गोदाम में यह अवैध कारोबार चला रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चैन की जांच कर रही है।





