LPG संकट के बीच राहत: अब बिना कनेक्शन भी मिलेगा मिनी गैस सिलेंडर
LPG संकट के बीच राहत: अब बिना कनेक्शन भी मिलेगा मिनी गैस सिलेंडर

LPG संकट के बीच राहत: अब बिना कनेक्शन भी मिलेगा मिनी गैस सिलेंडर
एलपीजी की कमी के बीच आम लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने एक नई व्यवस्था शुरू की है। अब मिनी FTL गैस सिलेंडर एजेंसियों के जरिए आसानी से उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसे खरीदने के लिए पारंपरिक गैस कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ता सिर्फ आधार कार्ड या कोई भी वैध पहचान पत्र दिखाकर यह सिलेंडर ले सकते हैं। इसकी कीमत करीब 1581 रुपये रखी गई है, जबकि 5 किलो का रिफिल लगभग 600 रुपये में मिलेगा, जिससे यह आम लोगों के लिए किफायती विकल्प बन गया है।
यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए राहत लेकर आई है, जो किराए के मकानों में रहते हैं, जैसे स्टूडेंट्स, प्रवासी मजदूर और अस्थायी कामगार। पहले इन लोगों को गैस कनेक्शन न होने की वजह से काफी परेशानी होती थी और कई बार उन्हें ब्लैक में सिलेंडर खरीदना पड़ता था। एलपीजी संकट बढ़ने के बाद हालात ऐसे हो गए थे कि यही सिलेंडर 6,000 से 7,000 रुपये तक मिलने लगा, जो आम आदमी के बजट से बाहर था।
ऐसे में मिनी FTL सिलेंडर एक आसान और सस्ता विकल्प बनकर सामने आया है। एक सिलेंडर करीब 15 से 20 दिनों तक चल सकता है, जिससे रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना आसान हो जाता है। छोटे परिवारों और अकेले रहने वालों के लिए यह काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
हालांकि, देश के कई हिस्सों से अब भी गैस की कमी और कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि कुछ जगहों पर एजेंसियां तय कीमत से ज्यादा वसूली कर रही हैं, जिससे परेशानी और बढ़ रही है।
वहीं सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी, सीएनजी और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त भंडार मौजूद है। सप्लाई को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर होर्मुज जलडमरूमध्य में चल रहे तनाव के कारण सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है, जिसका असर बाजार पर देखने को मिल रहा है।





