अनूपपुर, मध्य प्रदेश में तीन मंजिला इमारत गिरने से दो की मौत
अनूपपुर, मध्य प्रदेश में तीन मंजिला इमारत गिरने से दो की मौत

अनूपपुर, MP के अनूपपुर जिले से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। कोतमा कस्बे में शनिवार शाम एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोतमा बस स्टैंड के पास स्थित ‘अग्रवाल लॉज’ में हुई, जो करीब 10 साल पुरानी इमारत बताई जा रही है। शाम करीब 5:30 बजे अचानक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ पूरी बिल्डिंग जमींदोज हो गई। इमारत गिरते ही चारों ओर धूल का गुबार छा गया और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
रातभर चला ‘ऑपरेशन रेस्क्यू’
बता दें रेस्क्यू टीमों ने पूरी रात मलबा हटाकर लोगों को निकालने का काम किया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) सहित स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर डटे हुए हैं। हर मिनट कीमती है, इसलिए मशीनों और मैन्युअल दोनों तरीकों से सर्च जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इमारत के पास चल रहे निर्माण कार्य के कारण इसकी नींव कमजोर हो सकती है, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, असली कारणों की जांच अभी जारी है।
सरकार का एक्शन मोड
मध्य प्रदेश सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। मंत्री दिलीप अहिरवार मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने साफ कहा कि इस हादसे की पूरी जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं प्रशासन का फोकस फिलहाल मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करना है। रेस्क्यू ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा जब तक हर संभावित व्यक्ति को बाहर नहीं निकाल लिया जाता।
अब तक क्या स्थिति?
अब तक की स्थिति के अनुसार रेस्क्यू टीमों ने मलबे से 5 लोगों को जिंदा बाहर निकाल लिया है, हालांकि 2 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। हादसे में घायल हुए लोगों में से 2 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए शहडोल रेफर किया गया है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को सील कर दिया है और तेजी से राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है, ताकि हर फंसे व्यक्ति तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।





