नागपुर में बड़ा अलर्ट: मेट्रो स्टेशन के पास घर से विस्फोटक बरामद, इलाके में हड़कंप
नागपुर में बड़ा अलर्ट: मेट्रो स्टेशन के पास घर से विस्फोटक बरामद, इलाके में हड़कंप

नागपुर में बड़ा अलर्ट: मेट्रो स्टेशन के पास घर से विस्फोटक बरामद, इलाके में हड़कंप
नागपुर। महाराष्ट्र में नागपुर के दोसर भवन चौक इलाके में भारी मात्रा में विस्फोटक मिलने से सनसनी फैल गई है। सीए रोड स्थित दोसर भवन चौक, जो कि मेट्रो स्टेशन के पास है, वहां एक घर के छोटे से गार्डन में विस्फोटक होने की सूचना आज सुबह पुलिस को मिली।
एक से डेढ़ महीने से रखा था विस्फोटक
सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। तलाशी अभियान के दौरान 15 जिलेटिन स्टिक, 50 डेटोनेटर और 8 कनेक्टर बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, यह विस्फोटक पिछले एक से डेढ़ महीने से यहां रखे होने की आशंका है।
आज सुबह बैग में रखी जिलेटिन स्टिक बाहर दिखाई देने पर घर मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सभी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से जब्त कर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। इस मामले में नागपुर के सह पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने जानकारी दी है।
गौरतलब है कि नागपुर जिले के काटोल क्षेत्र में स्थित एसबीएल कंपनी में हाल ही में विस्फोटक हादसा हुआ था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नागपुर में जो विस्फोटक मिले हैं, उनका संबंध उसी कंपनी से हो सकता है।
जहां से विस्फोटक बरामद हुए हैं, वह इलाका बेहद संवेदनशील माना जाता है। यहां से करीब 200 मीटर की दूरी पर जामा मस्जिद, 500 मीटर पर पोद्दारेश्वर राम मंदिर और करीब डेढ़ से दो किलोमीटर की दूरी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय स्थित है।





