हिमाचल प्रदेश – अप्रैल में ठिठुरन! 5 से 7 अप्रैल तक ऑरेंज अलर्ट
5 से 7 अप्रैल तक ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश।April के महीने में जहां देश के कई हिस्सों में गर्मी दस्तक दे चुकी है, वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है। पहाड़ों में दिसंबर जैसी सर्दी का एहसास हो रहा है। ताजा मौसम बदलाव के चलते लाहौल-स्पीति और अटल टनल के आसपास बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे पूरा इलाका एक बार फिर बर्फ की चादर में लिपट गया है। ऊंचाई वाले इलाकों जैसे दारचा और शिंकुला में लगातार बर्फ गिर रही है, जबकि मनाली के अटल टनल के नॉर्थ और साउथ पोर्टल पर भी बर्फबारी का सिलसिला देखा गया। वहीं निचले इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
किसानों और बागवानों पर मौसम की मार
अचानक बदले मौसम ने किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है। फसलों पर बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का असर पड़ने की आशंका है, जिससे नुकसान की स्थिति बन सकती है। खासकर सेब और अन्य फल उत्पादकों के लिए यह समय काफी संवेदनशील माना जा रहा है।
5 से 7 अप्रैल तक ऑरेंज अलर्ट
बता दें मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मैदानी क्षेत्रों जैसे ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में भी शाम के समय बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा।
वहीं मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 8 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते राज्य में फिर से हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। यह मौसम गतिविधियां लगातार 7 अप्रैल तक जारी रहेंगी और फिर 8 अप्रैल से दोबारा असर दिखाएंगी।





