दिल्ली में TMC और चुनाव आयोग के बीच तीखी बहस, मतदाता सूची पर उठे सवाल
दिल्ली में TMC और चुनाव आयोग के बीच तीखी बहस, मतदाता सूची पर उठे सवाल

दिल्ली में TMC और चुनाव आयोग के बीच तीखी बहस, मतदाता सूची पर उठे सवाल
नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं ने दिल्ली में भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर मतदाता सूची में नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाया। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल में डेरेक ओ’ब्रायन और सागरिका घोष शामिल थे, जिन्होंने आयोग के सामने अपनी शिकायतें रखीं।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान माहौल काफी गरम हो गया। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि डेरेक ओ’ब्रायन ने नाराजगी जताते हुए ऊंची आवाज में अपनी बात रखी। हालांकि इस पूरे मामले पर आयोग की तरफ से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मीटिंग के बाद TMC नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्होंने इस मुद्दे पर आयोग को पहले भी कई चिट्ठियां लिखी थीं, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिला। उनका कहना है कि बैठक बहुत कम समय तक चली और उन्हें अपनी बात पूरी तरह रखने का मौका नहीं दिया गया। पार्टी नेताओं ने यह भी कहा कि वे इस मुद्दे को और मजबूती से उठाएंगे।
वहीं, आयोग के सूत्रों का कहना है कि बैठक में साफ किया गया कि पश्चिम बंगाल में चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाएंगे। आयोग ने भरोसा दिलाया कि किसी भी तरह की हिंसा, दबाव या गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
इस विवाद के बीच सबसे बड़ा मुद्दा मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने का है। रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्य में लाखों वोटर्स के नाम सूची से हटाए गए हैं, जिससे कई विधानसभा सीटों का गणित प्रभावित हो सकता है। यही वजह है कि यह मामला अब राजनीतिक रूप से काफी गर्माता जा रहा है।





