PNG महंगी: दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में बढ़े गैस के दाम, रसोई का बजट बिगड़ा
PNG महंगी: दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में बढ़े गैस के दाम, रसोई का बजट बिगड़ा

PNG महंगी: दिल्ली-NCR समेत कई शहरों में बढ़े गैस के दाम, रसोई का बजट बिगड़ा
महंगाई से जूझ रहे आम लोगों को एक और झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी हैं, जिससे अब सीधे तौर पर घर के किचन बजट पर असर पड़ने वाला है।
राजधानी दिल्ली में PNG की कीमत अब 49.59 रुपये प्रति SCM हो गई है, जो पहले 47.89 रुपये थी। यानी उपभोक्ताओं को अब प्रति यूनिट 1.70 रुपये ज्यादा देने होंगे। वहीं नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी कीमतें बढ़ाकर 49.46 रुपये प्रति SCM कर दी गई हैं।
सिर्फ NCR ही नहीं, अन्य शहरों में भी गैस महंगी हो गई है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली में अब PNG 48.35 रुपये प्रति SCM मिलेगी। इसके अलावा अजमेर, पाली और राजसमंद में नई दर 48.27 रुपये तय की गई है, जबकि कानपुर, फतेहपुर, हमीरपुर और चित्रकूट में कीमत 48.95 रुपये प्रति SCM हो गई है।
कंपनियों का कहना है कि यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में उछाल के कारण की गई है। खासकर पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और सप्लाई चेन पर दबाव की वजह से आयात महंगा हो गया है, जिसका असर अब सीधे उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से किचन का खर्च लगातार बढ़ रहा है। हाल ही में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम भी बढ़े थे और कमर्शियल गैस सिलेंडर भी कई बार महंगे हुए हैं। ऐसे में PNG की कीमत बढ़ने से आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं, क्योंकि अब रोजमर्रा के खर्च पर इसका सीधा असर दिखेगा।





