*सरस्वती वंदना*
शारदे अर्पित है तेरे,चरणों में यह वंदना।
ज्ञान का वरदान दे माँ,बस यही है प्रार्थना।
कष्ट में साहस न खोएँ,
शक्ति के हम बीज बोएँ।
हम चलें नेकी के पथ पर,
छल-कपट के पंक धोएँ।
दे मनोबल माँ हमें , नित करें तेरी साधना।
शारदे अर्पित है तेरे,चरणों में यह वंदना।
श्वेत कमलासन विराजे,
हाथ में पुस्तक माँ साजे।
हंसवाहिनी श्वेतवसना,
सप्त स्वर में वीणा बाजे।
हो सफल यह जन्म मेरा,बस यही है अर्चना।
शारदे अर्पित है तेरे,चरणों में यह वंदना।
सद्गुणों की शक्ति दे माँ,
दुर्गुणों से मुक्ति दे माँ।
सत्य शील को करें धारण,
ऐसी सुंदर सृष्टि दे माँ।
कष्ट दुखियों के हरें हम,हृदय में हो भावना।
शारदे अर्पित है तेरे,चरणों में यह वंदना।
*राजेश शुक्ला”काँकेरी”*
Live Cricket Info
Talk India Digital हर खबर… आपके नजरिए से!

