सरकारी अस्पताल से रेफर होने के बाद निजी अस्पताल ने दिया नॉर्मल डिलीवरी का भरोसा, मां और नवजात की मौत… जिम्मेदार कौन ?
निष्पक्ष जांच की उठी मांग ।

भानुप्रतापपुर / खिलेश्वर नेताम:- भानुप्रतापपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कथित रूप से अस्पताल की लापरवाही के चलते जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई, जिससे परिजनों और नगर वासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर बताते हुए उसे उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए जिला अस्पताल कांकेर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन महिला को भानुप्रतापपुर के ही एक गौतम अस्पताल लेकर पहुंचे, निजी हॉस्पिटल में सोनोग्राफी रिपोर्ट के बाद जहां डॉक्टरों द्वारा नॉर्मल डिलीवरी कराने का भरोसा दिया गया। जबकि रिपोर्ट के बाद भी गर्भवती महिला की स्थिति सही नहीं थी ।

परिजनों का आरोप है कि निजी अस्पताल में समय पर उचित उपचार और आवश्यक सावधानी नहीं बरती गई, जिसके कारण प्रसूता और नवजात दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस मामला को लेकर जांच टीम गठित की गई है और मामला की जांच की जा रही है,प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।





