सेंट्रल जेल जगदलपुर में बंद सैकड़ों बंदियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर “आर्ट ऑफ लिविंग” संस्था ने कराया योग।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सेंट्रल जेल जगदलपुर में बंदियों ने किया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश ।

जगदलपुर / खिलेश्वर नेताम :- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सेंट्रल जेल जगदलपुर में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के तत्वावधान में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जेल में निरुद्ध सैकड़ों बंदियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर योग के महत्व को समझा और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने बंदियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। साथ ही बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का माध्यम है। नियमित योग करने से तनाव, चिंता और विभिन्न शारीरिक समस्याओं से राहत मिलती है तथा व्यक्ति का मन और शरीर दोनों स्वस्थ रहते हैं।
योग शिक्षकों ने कहा कि योग अनुशासन, आत्मविश्वास और आत्मनियंत्रण को बढ़ाने का प्रभावी साधन है। विशेष रूप से बंदियों के लिए योग मानसिक तनाव को कम करने और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
यह कार्यक्रम योग शिक्षक शेख शमीमुद्दीन (बबलू), एम. गोविंद राव, गोपाल राव एवं कमल नारायण की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम में जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी सहित अधिकारियों कर्मचारियों तथा बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
“योग अपनाएं, निरोग रहें” के संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया ।





