दुर्गूकोंदल में सर्व आदिवासी विश्राम गृह का लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए कृषि मंत्री रामविचार नेताम ।
भानुप्रतापपुर पहुंचे कृषि मंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत ।

कांकेर/ खिलेश्वर नेताम :- छत्तीसगढ़ के आदिम जाति विकास, कृषि, मछली पालन एवं पशुधन विकास विभाग के मंत्री श्री रामविचार नेताम ने शुक्रवार को कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल ब्लॉक मुख्यालय में सर्व आदिवासी समाज कल्याण विश्राम गृह का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले उन्होंने भानुप्रतापपुर विश्राम गृह में अपने कार्यकर्ताओं से मुलाकात किया,भानुप्रतापपुर पहुंचे कृषि मंत्री श्री नेताम का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोश के साथ भव्य स्वागत किया ।

कार्यक्रम के दौरान अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि पिछले 04 दशक तक हिंसा, आतंक का पर्याय बन चुका माओवाद आज समाप्त हो गया है। लंबे अरसे तक दंश झेलने वाले बस्तर में अब तेजी से सर्वांगीण विकास होगा।
दुर्गूकोंदल के बाजार चौक में आयोजित मंचीय कार्यक्रम में कैबिनेट श्री नेताम ने कहा कि प्रदेश में माओवाद की समूल समाप्ति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्प को पूरा करने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बेहतर रणनीति के साथ इस कार्य को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि साय सरकार के नेतृत्व में युवा, बुजुर्ग, बच्चे और महिलाओं सभी वर्ग के लिए बेहतर कार्य हो रहे हैं। बस्तर के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा मास्टर प्लान तैयार किया गया है। श्री नेताम ने सर्व आदिवासी समाज विश्राम गृह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इससे समाज के लोगों को लाभ मिलेगा और सामाजिक गतिविधियों को अच्छे ढंग से संपादित कर सकेंगे। इस अवसर पर भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने भी सामाजिक जनों को बधाई देते हुए विश्राम भवन के निर्माण को दुर्गुकोंदल क्षेत्र के लिए काफी उपयुक्त बताया। उल्लेखनीय है कि बाजार चौक दुर्गूकोंदल में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग कांकेर द्वारा पीएसी मद से 43 लाख 08 हजार रुपए की लागत से उक्त भवन तैयार किया गया है, जिसका लोकार्पण आज आदिम जाति विकास एवं कृषि मंत्री श्री नेताम ने किया। इसके पहले, उन्होंने भानुप्रतापपुर के विश्राम गृह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर क्षेत्र के समस्याओं की जानकारी ली तथा यथोचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से भी की चर्चा
छत्तीसगढ़ कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने पत्रकारों से कृषि और विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की,उन्होंने कृषि से सम्बन्धित विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में बिजली की समस्या बहुत होती है जिससे किसानों की फसलों को काफी नुकसान होता है, ऐसे में हमें फसलों की चयन करनी चाहिए और प्रयास करना चाहिए जिसमें फसल कम पानी में भी उत्पादन हो सके । उन्होने कहा कि 5 अप्रैल से लेकर 20 मई तक विकसित कृषि संकल्प अभियान चलने वाला है,जिसमें हमें उर्वरक की जरूरत है,किन किन फसलों में कितना उर्वरक डालना चाहिए इसके बार में भी जानकारी दी जाएगी । दलहन और तिलहन के लिए भी विचार किया जाएगा जिसमें तेल उत्पादन अच्छा हो,इसके साथ ही उन्होंने कई विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर एसडीएम भानुप्रतापपुर श्री जी डी वाहिले सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे ।






