मुख्य चौक में नियमों का दोहरा मापदंड क्यों? – प्रेम शर्मा !

भानुप्रतापपुर/खिलेश्वर नेताम:- भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल महामंत्री प्रेम शर्मा ने नगर के मुख्य चौक में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद पति के जन्मदिन पर हुई आतिशबाजी को लेकर प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ माह पूर्व युवा मोर्चा के पदाधिकारियों की घोषणा के दौरान मुख्य चौक में आतिशबाजी करने की अनुमति नहीं दी गई थी और इसका विरोध करते हुए एक स्थानीय आंदोलनकारी द्वारा मुख्य चौक पर चक्काजाम तक पर बैठ गए थे। लेकिन अब उसी मुख्य चौक में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष के जन्मदिन पर खुलेआम आतिशबाजी की गई। इस दौरान क्षेत्र के विधायक, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद थे तथा पुलिस प्रशासन भी मौके पर उपस्थित रहा, फिर भी किसी प्रकार का विरोध या कार्रवाई देखने को नहीं मिली।
प्रेम शर्मा ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कांग्रेस के विधायक होने के कारण कांग्रेस के लोगों को संरक्षण मिल रहा है तथा पुलिस प्रशासन भी दबाव में काम करते हुए कांग्रेस समर्थित कार्यक्रमों के प्रति नरम रवैया अपना रहा है। उन्होंने कहा कि कानून और नियम सभी के लिए समान होने चाहिए, न कि राजनीतिक दल देखकर लागू किए जाने चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से इस दोहरे मापदंड पर जवाब देने तथा भविष्य में सभी नागरिकों और संगठनों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है।





